Thursday, September 10, 2026
Home Madhya Pradesh Bhopal Bhopal Vidisha Road Accident : भोपाल-विदिशा रोड पर खूनी रफ्तार: सड़क से...

Bhopal Vidisha Road Accident : भोपाल-विदिशा रोड पर खूनी रफ्तार: सड़क से 10 फीट नीचे गिरी बस; ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के पास हुआ हादसा

Bhopal Vidisha Road Accident : भोपाल। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र अंतर्गत भानपुर पात्रा पुल और लाल कोठी के बीच एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। भोपाल-विदिशा मार्ग पर दौड़ रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क से करीब 10 फीट नीचे उतर गई। चश्मदीदों के मुताबिक, यह दुर्घटना बसों के बीच आपस में मची ओवरटेकिंग की होड़ के कारण हुई। गनीमत रही कि बस पूरी तरह नहीं पलटी, वरना बड़ा जनहानि हो सकती थी।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार बसों का आतंक लंबे समय से जारी है। गुरुवार को भी दो बसें एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रही थीं, तभी एक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरी। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि छोला मंदिर थाना प्रभारी ने की है। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, उससे महज 200 मीटर की दूरी पर ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसके बावजूद बस चालकों के बीच रफ्तार का खौफ नहीं देखा गया। स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है, क्योंकि आए दिन इस रोड पर ओवरटेकिंग के कारण हादसे हो रहे हैं।

इस मामले में छोला मंदिर पुलिस का रवैया भी सवालों के घेरे में है। पुलिस का कहना है कि वे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं, लेकिन FIR दर्ज करने के सवाल पर अधिकारियों ने कहा कि ‘जब कोई फरियादी शिकायत लेकर आएगा, तभी मामला दर्ज किया जाएगा।’ फिलहाल क्रेन की मदद से बस को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं और सड़क पर लगे जाम को खुलवाया जा रहा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here