Bhopal Temple Theft: भोपाल में मंदिरों को निशाना बनाने वाला शातिर गैंग गिरफ्तार, चोरी से पहले भगवान से मांगता था माफी, फिर ले जाता था चांदी के मुकुट और दानपेटी की नकदी

Anuj Nirala

Bhopal Temple Theft: भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों का बड़ा खुलासा करते हुए एक अंतरजिला चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। भोपाल देहात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस गैंग का सरगना रायसेन निवासी 31 हजार रुपये का इनामी बदमाश दीनदयाल उर्फ दीना महाराज है, जो चोरी से पहले मंदिर में भगवान की मूर्ति के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता था और उसके बाद अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 चांदी के मुकुट, धार्मिक सामग्री, दानपेटियों से चोरी की गई वस्तुएं और अन्य सामान सहित करीब 4 लाख रुपये का माल बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है।

Indore Civic News: इंदौर नगर निगम में वेतन घोटाले का खुलासा, सैलरी दूसरे खातों में ट्रांसफर; दो कर्मचारी बर्खास्त, जांच तेज

भोपाल, रायसेन और विदिशा के मंदिरों को बनाया निशाना

Bhopal Temple Theft: जांच में सामने आया है कि यह गिरोह भोपाल, रायसेन और विदिशा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मंदिरों को अपना निशाना बनाता था। आरोपी रात के समय मंदिरों में घुसकर चांदी के मुकुट, छत्र, दानपेटी में रखी नकदी और अन्य कीमती धार्मिक सामग्री चोरी कर फरार हो जाते थे।लगातार हो रही मंदिर चोरियों से पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी और तीनों जिलों के कई थाना क्षेत्रों में इनकी तलाश की जा रही थी।

चोरी से पहले भगवान से मांगता था माफी

पुलिस पूछताछ में एक बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई है। गिरोह का सरगना दीनदयाल उर्फ दीना महाराज हर चोरी से पहले मंदिर में भगवान की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर कहता था—

“भगवान मुझे माफ करना…”

इसके बाद वह अपने साथियों के साथ मंदिर से चांदी के मुकुट, दानपेटी की नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था। इस अनोखे तरीके की वजह से आरोपी की चर्चा पूरे इलाके में थी।

10 थानों की पुलिस कर रही थी तलाश

Bhopal Temple Theft: दीनदयाल उर्फ दीना महाराज के खिलाफ चोरी सहित कई अन्य आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उस पर 31 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

भोपाल, रायसेन और विदिशा के करीब 10 थाना क्षेत्रों की पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। लगातार तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार पुलिस ने पूरे गिरोह को दबोच लिया।

चोरी का सामान खरीदने वाला भी गिरफ्तार

पुलिस ने गिरोह के पांच चोरों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले आनंद उर्फ इंद्र नारायण राजपूत को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी नर्मदापुरम (पूर्व होशंगाबाद) का रहने वाला है और सिंचाई विभाग में ड्राइवर के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है।पुलिस जांच में सामने आया कि वह चोरी की गई धार्मिक सामग्री और चांदी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल था।

11 मंदिरों में चोरी और एक प्रयास कबूला

Bhopal Temple Theft: फिलहाल सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने 11 मंदिरों में चोरी और एक मंदिर में चोरी के प्रयास सहित कुल 12 वारदातें कबूल की हैं।पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ आगे बढ़ने पर कई और जिलों में हुई मंदिर चोरियों के मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

MP Student Protest: दिल्ली के छात्र आंदोलन की गूंज मध्य प्रदेश में! 20 जिलों में छात्र सड़कों पर

4 लाख रुपये की धार्मिक सामग्री बरामद

गिरोह के कब्जे से पुलिस ने—

  • 16 चांदी के मुकुट
  • चांदी के छत्र
  • धार्मिक सामग्री
  • दानपेटी से चोरी की गई नकदी
  • अन्य कीमती सामान

बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों और चोरी के पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *