भोपाल: राजधानी भोपाल के टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र से एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। इस बार थाना टीला जमालपुरा में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर साबिर खान पर एक युवक के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित युवक सेफ उद्दीन ने आरोप लगाया है कि उसे बिना किसी ठोस वजह के थाने लाकर घंटों तक बंद रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई।
बिना विवाद के उठाए जाने का आरोप
पीड़ित सेफ उद्दीन का कहना है कि उसका किसी भी व्यक्ति से कोई विवाद नहीं हुआ था। उसके अनुसार इलाके में दो अन्य लोगों के बीच झगड़ा हुआ था, लेकिन उसी मामले में पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई। उसे क्यों हिरासत में लिया गया, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी उसे नहीं दी गई।
चार घंटे थाने में रखकर की गई मारपीट
सेफ उद्दीन ने बताया कि उसे करीब चार घंटे तक थाने में बैठाकर रखा गया, जहां कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद बिना किसी कार्रवाई या लिखित प्रक्रिया के उसे थाने से छोड़ दिया गया।
अस्पताल में भटकता रहा पीड़ित परिवार
थाने से छोड़े जाने के बाद पीड़ित की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते वह और उसका परिवार रात भर अस्पताल में परेशान होता रहा। पीड़ित का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से उसे शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक पीड़ा भी झेलनी पड़ी।
Read More : Panic in Tikamgarh : बजरंग दल ने पकड़ा 20 किलो संदिग्ध मांस, ललितपुर से ट्रेन के जरिए पहुंची थी महिला
थाना क्षेत्र का मामला, जांच की मांग
पूरा मामला टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़ित ने वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।













