भोपाल : भोपाल के नवागत पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी सहित सभी पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। परिचय के बाद आयुक्त ने जोनवार थाना क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय चुनौतियों और अपराध प्रवृत्तियों की विस्तृत जानकारी ली।
ट्रैफिक व्यवस्था और फील्ड मौजूदगी पर जोर
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि पीक आवर्स के दौरान वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी व्यस्ततम चौराहों और प्रमुख मार्गों पर मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाएंगे। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने और आम नागरिकों को राहत देने में मदद मिलेगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में सघन निगरानी
उन्होंने संवेदनशील, भीड़भाड़ और बाजार क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही माइक्रो बीट सिस्टम के माध्यम से आम लोगों से संवाद बढ़ाकर पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर जागरूकता
बैठक में यह भी तय किया गया कि हेलमेट, सीट बेल्ट, साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। पुलिस आयुक्त ने कहा कि कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए तकनीक, जनसहभागिता और सक्रिय फील्ड पुलिसिंग जरूरी है।
बाइट – संजय कुमार, पुलिस आयुक्त भोपाल











