Bhopal Metro : भोपाल। झीलों की नगरी भोपाल अब आधिकारिक तौर पर ‘मेट्रो सिटी’ बनने जा रही है। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के बाद अब राजधानी भोपाल में मेट्रो सेवा का भव्य शुभारंभ शनिवार, 20 दिसंबर को होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई दिग्गज जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
Bhopal Metro : एमपी मेट्रो के एमडी एस. के. चैतन्य ने बताया कि उद्घाटन के अगले दिन यानी 21 दिसंबर से मेट्रो का कमर्शियल (व्यावसायिक) संचालन आम जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा। 21 दिसंबर को सुबह 9 बजे से यात्री मेट्रो का लुत्फ उठा सकेंगे। एमडी ने स्पष्ट किया है कि मेट्रो सेवा किसी के लिए भी मुफ्त नहीं होगी; यात्रियों को पहले दिन से ही निर्धारित किराया देना होगा। वर्तमान में टिकट मैनुअल काउंटर के माध्यम से उपलब्ध होंगे।
Bhopal Metro : भोपाल मेट्रो का पहला फेज एम्स (AIIMS) से सुभाष नगर के बीच चलेगा, जिसमें कुल 8 स्टेशन बनाए गए हैं। शुरुआत में प्रतिदिन मेट्रो के 17 फेरे लगाए जाएंगे, जिनमें 9 ट्रेनें सुभाष नगर से एम्स और 8 ट्रेनें एम्स से सुभाष नगर की ओर चलेंगी। सुरक्षा और सुगमता को प्राथमिकता देते हुए 8 में से 6 स्टेशनों पर पार्किंग स्थल भी चिन्हित कर लिए गए हैं। एक बार में लगभग 200 से 250 यात्री आसानी से सफर कर सकेंगे।
Bhopal Metro : भोपाल मेट्रो कॉरिडोर की कुल लंबाई 30.8 किलोमीटर प्रस्तावित है, जिसमें ऑरेंज और ब्लू लाइन शामिल हैं। गौरतलब है कि इस परियोजना की नींव तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय कमलनाथ ने रखी थी, जिसे अब भाजपा सरकार ने केंद्र के सहयोग से पूरा कर जनता को समर्पित किया है। मेट्रो के आने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आने और प्रदूषण में कमी होने की उम्मीद जताई जा रही है।











