निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : राजधानी भोपाल में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 68 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है।
918 का सिलेंडर 2500-3000 में बेचने का खेल
जांच में सामने आया कि आरोपी उपभोक्ताओं से सिलेंडर खरीदने के लिए लाइन में खड़े लोगों को 500 रुपए अतिरिक्त देकर सिलेंडर ले लेते थे। इसके बाद वही सिलेंडर 2500 से 3000 रुपए तक में बेचे जाते थे। इस अवैध कारोबार में ऋषभ गैस एजेंसी का एक कर्मचारी भी शामिल पाया गया है।
दो आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए
खाद्य विभाग की टीम ने बरखेड़ी निवासी शालिग कुरैशी और सलमान को कालाबाजारी करते हुए पकड़ा है। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Read More : M.P News : भोपाल में कारोबारी से 5.5 लाख की साइबर ठगी तो चिनार ड्रीम सिटी में लिफ्ट हादसे पर कार्रवाई
घोड़नक्कास और जवाहर चौक में छापेमारी
घोड़नक्कास क्षेत्र के लक्ष्मी टॉकीज गली में एक कैटरिंग संचालक के ठिकाने पर छापा मारकर 28 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें घरेलू, व्यावसायिक और 5 किलो वाले सिलेंडर शामिल हैं। वहीं कैटरिंग दुकान से 30 और सिलेंडर बरामद हुए।
जवाहर चौक स्थित एक दुकान में घरेलू गैस सिलेंडर से अवैध तरीके से गैस ट्रांसफर करते हुए पाया गया। यहां से सिलेंडर और उपकरण जब्त किए गए।
कानूनी कार्रवाई और जांच जारी
दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। विभाग लगातार जांच कर रहा है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
जनता से अपील: अफवाहों से बचें
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और कालाबाजारी की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया है कि जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।











