भावनगर : गुजरात के भावनगर शहर के काला नाला इलाके में बुधवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। देव पैथोलॉजी लैब में अचानक आग लगने के बाद धुआं पूरे कॉम्प्लेक्स में फैल गया। शुरुआती आग एक ब्रेजियर से उठी, जो देखते ही देखते बिल्डिंग की ब्रेसिंग और अन्य हिस्सों तक फैल गई।यह कॉम्प्लेक्स करीब 10–15 अस्पतालों, दुकानों और ऑफिसों वाला घनी आबादी वाला क्षेत्र है। आग की लपटें फैलते ही हड़कंप मच गया।
जुटीं दमकल की तीन गाड़ियां
घटना की सूचना मिलते ही भावनगर फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंच गई। तीन दमकल गाड़ियों के साथ 50 से ज्यादा कर्मचारी और 5 फायरफाइटर्स आग बुझाने में लगातार जुटे रहे।
रेस्क्यू के दौरान विभाग को अस्पताल का शीशा तोड़कर अंदर फंसे बच्चों और मरीजों को बाहर निकालना पड़ा। कुल 19 मरीजों को सुरक्षित निकालकर सर टी अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
अफरा-तफरी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन
आग लगने के बाद कॉम्प्लेक्स में अफरा-तफरी मच गई। धुएं से भर चुके अस्पतालों से लोगों को बाहर निकालने में स्थानीय युवकों ने भी दमकल विभाग की मदद की।अधिकारियों के अनुसार, नुकसान बड़ा था, लेकिन तेज़ रेस्क्यू के कारण जनहानि नहीं हुई।
फायर ऑफिसर का बयान
इस बाबत फायर ऑफिसर प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि आग बिल्डिंग की ब्रेसिंग में लगने के बाद तेजी से दूसरे हिस्सों में फैल गई।“हमारी प्राथमिकता मरीजों को सुरक्षित निकालना और आग को आगे बढ़ने से रोकना थी। 19–20 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है,” उन्होंने कहा।
Read More : Rupee slips against Dollar : 7 महीनों में रुपया 8% कमजोर, डॉलर के सामने रिकॉर्ड लोअर! पहली बार 90 के पार,
कचरे में लगी थी आग
भावनगर कमिश्नर एन.वी. मीणा ने बताया कि कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर पर जमा कचरे में आग लगी थी, जिसके चलते धुआं अस्पतालों में भर गया।
उन्होंने कहा कि “किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग के कारणों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
सौभाग्य से बड़ी त्रासदी टली
घनी आबादी वाले क्षेत्र और अस्पतालों की मौजूदगी को देखते हुए यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था, लेकिन समय पर दमकल और पुलिस की प्रतिक्रिया से जनहानि टल गई।











