इंदौर : इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। आयुष्मान सेंटर पर महिला कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त तनावपूर्ण हो गए, जब महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना सेतिया और इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव आमने-सामने आ गए। सेंटर परिसर में ही बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोंक देखने को मिली, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति संभाली।
आयुष्मान सेंटर पर विरोध, आरोप-प्रत्यारोप
महिला कांग्रेस का आरोप है कि दूषित पानी की शिकायतों के बावजूद समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, जिससे जनहानि हुई। प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात किया।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी भागीरथपुरा पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
Read More : M.P News : रीवा के सेमरिया नगर परिषद उपचुनाव में कांग्रेस की जीत, बीजेपी को 746 वोटों से शिकस्त
महापौर पुष्यमित्र भार्गव का बयान
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा,
“3 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, लेकिन 4 अन्य मामलों की जानकारी भी हमें मिली है। कुल 7 लोगों को दूषित पानी की शिकायत के चलते अस्पतालों में ले जाया गया था, जिनकी मौत हुई है। शहर के प्रथम सेवक होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि हर स्तर पर कार्रवाई हो। बड़े अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।”
इलाज की व्यवस्था, अरविंदो में 100 अतिरिक्त बेड
महापौर ने बताया कि प्रभावितों के इलाज के लिए अरविंदो अस्पताल में 100 अतिरिक्त बेड भागीरथपुरा के लोगों के लिए लगाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी मरीज को इलाज में दिक्कत न हो।
प्रशासन पर दबाव, जांच तेज
घटना के बाद स्वास्थ्य, जलकार्य और नगर निगम विभाग की भूमिका की समीक्षा शुरू कर दी गई है। दूषित पानी के स्रोत, सप्लाई लाइन और शिकायत निवारण की प्रक्रिया की विस्तृत जांच की जा रही है।











