Wednesday, August 19, 2026
Home Sports Women Cricket Match Fee : महिला क्रिकेटर्स को बड़ी सौगात! अब...

Women Cricket Match Fee : महिला क्रिकेटर्स को बड़ी सौगात! अब पुरुषों के बराबर फीस, 1 सीजन में मिलेंगे 7 लाख तक

WOMEN CRICKETER
महिला क्रिकेट में ऐतिहासिक फैसला

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला क्रिकेट को मजबूती देने की दिशा में एक और बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। बोर्ड ने महिला क्रिकेटर्स की घरेलू मैच फीस में उल्लेखनीय बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, अब घरेलू क्रिकेट में महिला खिलाड़ियों को पुरुष खिलाड़ियों के बराबर मैच फीस मिलेगी। इससे महिला क्रिकेटर्स की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट को करियर के रूप में अपनाने में मदद मिलेगी।

पुरुष क्रिकेटर्स के बराबर हुई घरेलू फीस

BCCI ने 22 दिसंबर को हुई ऑनलाइन बैठक में महिला खिलाड़ियों की फीस बढ़ाने का निर्णय लिया। इसके तहत फर्स्ट क्लास और वनडे मैचों में महिला खिलाड़ियों को प्रति दिन 50 हजार रुपए मैच फीस दी जाएगी। टी-20 मुकाबलों के लिए यह राशि 25 हजार रुपए प्रति मैच तय की गई है। इस फैसले के बाद घरेलू स्तर पर महिला और पुरुष क्रिकेटर्स की फीस में समानता आ गई है।

प्लेइंग-11 और बेंच खिलाड़ियों के लिए अलग फीस

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में प्लेइंग-11 का हिस्सा बनने वाली महिला खिलाड़ियों को प्रति दिन 50 हजार रुपए, जबकि प्लेइंग-11 से बाहर रहने वाली स्क्वॉड खिलाड़ियों को 25 हजार रुपए मिलेंगे।वनडे मुकाबलों में भी यही व्यवस्था लागू होगी।टी-20 मैचों में प्लेइंग-11 में शामिल खिलाड़ियों को 25 हजार रुपए, जबकि बेंच पर बैठने वाली खिलाड़ियों को 12,500 रुपए दिए जाएंगे।

पहले कितनी मिलती थी फीस

इससे पहले महिला क्रिकेटर्स को घरेलू टी-20, वनडे और फर्स्ट क्लास मैच में प्लेइंग-11 का हिस्सा बनने पर सिर्फ 20 हजार रुपए मिलते थे। वहीं, बेंच पर बैठने वाली खिलाड़ियों को 10 हजार रुपए ही दिए जाते थे। नई व्यवस्था में फीस लगभग दोगुनी से ज्यादा हो गई है।

जूनियर महिला क्रिकेटर्स को भी राहत

BCCI ने सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ जूनियर महिला क्रिकेटर्स की फीस भी बढ़ा दी है। स्टेट और जोनल टीम से खेलने वाली जूनियर खिलाड़ियों को वनडे और फर्स्ट क्लास में प्लेइंग-11 का हिस्सा बनने पर 25 हजार रुपए, जबकि एक्स्ट्रा खिलाड़ियों को 12,500 रुपए मिलेंगे।टी-20 में यह राशि क्रमशः 12,500 और 6,250 रुपए होगी।

एक सीजन में बढ़ेगी कमाई

BCCI के अनुसार, पहले एक सीनियर महिला खिलाड़ी को घरेलू सीजन में लीग स्टेज खेलने पर करीब 2 लाख रुपए मिलते थे। अब सिर्फ 4 वनडे मैच खेलने पर ही 2 लाख रुपए कमाए जा सकेंगे। पूरे सीजन में खिलाड़ियों की कमाई 5 से 7 लाख रुपए तक पहुंच सकती है।

अंपायर्स और मैच रेफरी की फीस भी बढ़ी

महिला क्रिकेट के साथ जुड़े अंपायर्स और मैच रेफरी को भी राहत दी गई है। अब लीग स्टेज में अंपायर्स को 40 हजार रुपए प्रतिदिन, जबकि नॉकआउट मुकाबलों में 50 से 60 हजार रुपए तक फीस मिलेगी। देशभर के 79 मैच रेफरी की फीस भी अंपायर्स के बराबर रखी गई है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here