Baloda Bazar News: 13 लाख की कृषि दवाइयां लीं, भुगतान नहीं किया! FIR के बाद फरार कृषि विस्तार अधिकारी

Sanjay Sahu
Baloda Bazar News

Baloda Bazar News: बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में कृषि विस्तार अधिकारी राकेश रत्नेश के खिलाफ करीब 13 लाख रुपये की कृषि दवाइयां लेकर भुगतान नहीं करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। कृषि औषधि व्यापारियों की शिकायत पर कसडोल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अधिकारी की तलाश शुरू कर दी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से अधिकारी के फरार होने की बात सामने आई है।

दो महीने से ड्यूटी पर नहीं आ रहे अधिकारी

उपसंचालक कृषि दीपक नायक के मुताबिक, राकेश रत्नेश के खिलाफ कसडोल थाने में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली है। अधिकारी पिछले दो महीने से ड्यूटी पर अनुपस्थित हैं और उनका वेतन भी रोका गया है। मामले की जानकारी उच्च कार्यालय को दे दी गई है।

कलेक्टर कार्यालय में भी हुई थी शिकायत

बताया गया कि कृषि विस्तार अधिकारी के खिलाफ इससे पहले कलेक्टर कार्यालय में भी शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए थे। जांच रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजी गई थी, लेकिन उस समय आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी। अब पुलिस में एफआईआर दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी की प्रतीक्षा की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Baloda Bazar News: लोकेशन मिली, जल्द गिरफ्तारी का दावा

Baloda Bazar News: एडिशनल एसपी कोमन सिन्हा ने बताया कि कृषि औषधि व्यापारियों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस तकनीकी माध्यमों से आरोपी की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में करीब 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन मिली है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। विवेचना आगे बढ़ने पर कथित बकाया राशि बढ़ने की संभावना भी जताई गई है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *