Badagaon Dhasan Protest : टीकमगढ़/बड़ागांव धसान। टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव धसान कस्बे में बुधवार को उस समय तनाव फैल गया, जब कठवारे हनुमान मंदिर के पास स्थित देवी माँ की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर दिया गया। इस घटना के बाद शिकायत लेकर पहुंचे मंदिर समिति के लोगों के साथ थाना प्रभारी की अभद्रता ने आग में घी डालने का काम किया, जिससे नाराज हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।
टीआई की अभद्रता और थाने में सुंदरकांड: जानकारी के अनुसार, जब मंदिर समिति के लोग प्रतिमा खंडित होने की शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो थाना प्रभारी नरेंद्र वर्मा ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया। इस खबर के फैलते ही हिंदू संगठनों के तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने विरोध स्वरूप थाने के भीतर ही सुंदरकांड का पाठ शुरू कर दिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
लाइन अटैच हुए थाना प्रभारी: कस्बे में बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाह ने स्थिति का जायजा लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी नरेंद्र वर्मा को लाइन अटैच कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रतिमा खंडित करने वाले दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और धरना खत्म किया गया। फिलहाल कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।
