इंदौर | इंदौर के राजा रघुवंशी और उनकी साथी सोनम रघुवंशी के शिलांग भ्रमण के दौरान सामने आई रहस्यमयी मौत और लापता होने की घटना ने अब एक गंभीर आपराधिक मोड़ ले लिया है। 2 जून को शिलांग की एक खाई में राजा रघुवंशी का शव बरामद हुआ था
और अब इसी मामले में सोनम रघुवंशी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से पुलिस ने तड़के सुबह बरामद कर लिया है। इस पूरे प्रकरण में इंदौर क्राइम ब्रांच सक्रियता से जांच में जुटी है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने जानकारी दी कि सोनम रघुवंशी की बरामदगी के साथ ही तीन आरोपी राज कुशवाहा, विशाल चौहान और आकाश को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं चौथा आरोपी आनंद अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस फिलहाल सोनम और अन्य पकड़े गए आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राजा रघुवंशी की मौत में इनकी क्या भूमिका रही है। इंदौर क्राइम ब्रांच इस मामले में गाजीपुर पुलिस और शिलांग पुलिस के साथ लगातार समन्वय कर रही है। बताया गया है कि शिलांग पुलिस की एक टीम पहले ही गाजीपुर पहुंच रही है, और वहां से इन सभी आरोपियों को अपनी कस्टडी में लेकर आगे की जांच करेगी।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने यह भी कहा कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे नए तथ्यों को मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा। यह मामला अब एक संगीन आपराधिक जांच का रूप ले चुका है, और आने वाले दिनों में इसमें और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।











