ACB-EOW Action: रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब, कोयला और DMF घोटाले से जुड़े मामलों की जांच के बीच शुक्रवार को ACB/EOW ने प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, राजिम और कोरबा समेत कई शहरों में जांच एजेंसियों की टीमों ने करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर दबिश दी है। कार्रवाई में कोयला, सराफा और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े लोगों के ठिकानों की जांच की जा रही है। एक साथ कई स्थानों पर हुई छापेमारी से कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
ACB-EOW Action: VIP स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी के घर रेड
राजधानी रायपुर के VIP स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर ACB/EOW की टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। अधिकारी घर में दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की पड़ताल कर रहे हैं।
राजनांदगांव में दो कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश
राजनांदगांव में जांच एजेंसी की टीम ने सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के निवास और लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के घर छापा मारा। जानकारी के मुताबिक, करीब 10 अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की टीम दो वाहनों में पहुंची थी। इन ठिकानों पर शराब घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित जांच किए जाने की जानकारी है।
ज्वेलर्स और कपड़ा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच
अभनपुर के गोबरा नवापारा में EOW और ACB की संयुक्त टीम ने सराफा और कपड़ा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। यहां नवकार ज्वैलर्स और शांति विजय स्टोर्स सहित अन्य ठिकानों की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां खंगालीं।
बिलासपुर में कोयला कारोबारी के घर पहुंची टीम
न्यायधानी बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के आवास पर भी ACB/EOW की टीम ने छापेमारी की। शुक्रवार सुबह पहुंची टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।
कटघोरा में नगर पालिका अध्यक्ष के आवास पर छापा
कोरबा जिले के कटघोरा में EOW की टीम ने दो ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। टीम नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के आवास और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर पहुंची। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए DMF घोटाले की जांच से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ACB-EOW Action: कई जिलों में कार्रवाई, आधिकारिक खुलासे का इंतजार
ACB-EOW Action: शराब घोटाले, कोयला घोटाले और DMF से जुड़े मामलों की जांच के बीच अलग-अलग जिलों में हुई इस कार्रवाई ने प्रदेश में हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल जांच एजेंसियों की ओर से छापेमारी के दौरान मिली सामग्री, दस्तावेजों या किसी अन्य बरामदगी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के वास्तविक कारणों और सामने आए तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।