Thursday, August 20, 2026
Home Madhya Pradesh Indore Hit and Run Case 2026 : शिव वाटिका टाउनशिप हिट एंड...

Indore Hit and Run Case 2026 : शिव वाटिका टाउनशिप हिट एंड रन मामला: अनैतिक गतिविधियों के आरोपों के बीच पिता-पुत्र गिरफ्तार, हिजाब पहनकर आती थीं विदेशी महिलाएं

Indore Hit and Run Case 2026 : इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र की शिव वाटिका टाउनशिप में बुधवार देर रात हुए खूनी संघर्ष और हिट एंड रन मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप चौधरी और उनके 18 वर्षीय बेटे मोहनीश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले में टाउनशिप के रहवासियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। निवासियों का आरोप है कि कुलदीप चौधरी अपने पेंटहाउस को एयर बीएनबी के जरिए संचालित करता था, जहां देर रात तक लड़के-लड़कियों का जमावड़ा लगा रहता था। रहवासियों ने यह भी दावा किया कि यहां विदेशी महिलाएं हिजाब पहनकर अनैतिक गतिविधियों के लिए आती थीं, जिसका विरोध करने पर यह पूरी हिंसक घटना घटी।

विवाद की शुरुआत बुधवार रात उस समय हुई जब रहवासियों ने पेंटहाउस में चल रही संदिग्ध हलचल के विरोध में वहां की बिजली बंद कर दी। रात करीब 10:30 बजे जब संचालक कुलदीप चौधरी अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचे, तो रहवासियों के साथ उनकी तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट की नौबत आ गई। इसी बीच कुलदीप का बेटा मोहनीश चौधरी भी मौके पर पहुंच गया। जब रहवासियों ने विरोध स्वरूप सोसाइटी का मुख्य गेट बंद कर दिया, तो गुस्से में आए मोहनीश ने अपनी कार को वहां खड़े लोगों की भीड़ पर चढ़ा दिया।

इस भयावह हादसे में इंफोसिस में कार्यरत शम्पा पांडे कार के नीचे आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शम्पा के पेट के ऊपर से गुजर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना में एक अन्य महिला रानू रावत (40 वर्ष) भी घायल हुई हैं। रहवासियों का आरोप है कि कुलदीप चौधरी लंबे समय से यहां गलत तरीके से पेंटहाउस चला रहा था और विरोध करने पर धमकाता था।

एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि पुलिस ने पिता और पुत्र दोनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब रहवासियों द्वारा लगाए गए अनैतिक गतिविधियों और विदेशी महिलाओं के आने-जाने के आरोपों की भी गहनता से जांच कर रही है। टाउनशिप के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और एयर बीएनबी के रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरी टाउनशिप में तनाव और शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं को जांच के दायरे में शामिल किया है ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here