निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एलपीजी सिलेंडर की कमी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सबलगढ़ स्थित गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। लोग खाली सिलेंडर लेकर घंटों इंतजार करते रहे।
एजेंसी ने बंद किया शटर
स्थिति तब बिगड़ गई जब एजेंसी संचालक ने सुबह करीब 11 बजे ही शटर बंद कर दिया और सिलेंडर देने से मना कर दिया। एजेंसी ने सफाई देते हुए कहा कि सिलेंडर की कमी के चलते आगे वितरण संभव नहीं है।
सड़क पर उतरे लोग, लगाया जाम
सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने एमएम रोड पर खाली सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट तक सड़क पर हंगामा चलता रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
Read More : M.P News : इंदौर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज की छवि खराब करने की साजिश, 4 आरोपी पर केस
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। इसके बाद एजेंसी ने लाइन में लगे लोगों को एक-एक सिलेंडर देने का आश्वासन दिया।
13 दिन बाद शुरू हुई सप्लाई
प्रदेश में 13 दिनों तक कमर्शियल एलपीजी सप्लाई बंद रहने के बाद अब इसकी आपूर्ति फिर से शुरू की गई है। इस दौरान करीब 50 हजार से ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट प्रभावित हुए।
छोटे व्यवसायियों पर सबसे ज्यादा असर
गैस की कमी के कारण कई होटल बंद होने की कगार पर पहुंच गए, जबकि छोटे ढाबे और स्ट्रीट फूड वेंडर्स को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कई जगहों पर डीजल भट्टी और इंडक्शन के जरिए काम चलाना पड़ा।
सेक्टर के हिसाब से सप्लाई
अब प्रशासन ने सेक्टर के हिसाब से गैस सप्लाई करने का निर्णय लिया है।
- होटल-रेस्टोरेंट: 9% सप्लाई
- ढाबे और स्ट्रीट फूड वेंडर्स: 7% सप्लाई
- कैटरिंग और अन्य उद्योगों को भी प्राथमिकता











