निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश में जबलपुर से मंडला फोर्ट के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। रेलवे अब इस रूट पर चलने वाली दो अलग-अलग पैसेंजर ट्रेनों को मिलाकर एक ही ट्रेन सेवा के रूप में संचालित करने की तैयारी कर रहा है।
रेलवे बोर्ड से इस प्रस्ताव को मंजूरी भी मिल चुकी है। अब रेल जोन स्तर पर नई समय-सारिणी तैयार की जाएगी, जिसके बाद यह सुविधा शुरू हो सकती है।
अभी दो हिस्सों में चलती हैं ट्रेनें
वर्तमान में जबलपुर से नैनपुर और नैनपुर से मंडला फोर्ट के बीच ट्रेन सेवा दो अलग-अलग हिस्सों में संचालित होती है। पहले चरण में पश्चिम मध्य रेल का रैक जबलपुर से नैनपुर तक पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलता है।
इसके बाद उसी रैक को नया नंबर देकर दक्षिण पूर्व मध्य रेल द्वारा नैनपुर से मंडला फोर्ट तक चलाया जाता है। इस कारण यात्रियों को तकनीकी रूप से दो अलग-अलग ट्रेनों की सेवा का उपयोग करना पड़ता है।
एक ही ट्रेन के रूप में चलेगी सेवा
नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन दोनों हिस्सों को जोड़कर एक ही ट्रेन के रूप में संचालित किया जाएगा। इससे पश्चिम मध्य रेल सीधे जबलपुर से मंडला फोर्ट तक पैसेंजर ट्रेन चला सकेगा।इस बदलाव से यात्रियों को नैनपुर जंक्शन पर ट्रेन बदलने या अलग-अलग ट्रेन नंबरों की परेशानी से राहत मिलेगी।
जल्द जारी होगी नई टाइम टेबल
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अब अगला कदम नई समय-सारिणी तैयार करना है। रेल जोन स्तर पर टाइम टेबल तय होने के बाद इस नई व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।
यात्रियों का मानना है कि इस फैसले से जबलपुर, नैनपुर और मंडला के बीच यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और यात्रा पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।











