Staff Recruitment Employees Union : रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने पर चल रहे ‘रजत महोत्सव’ के बीच शासकीय कार्यालयों में कर्मचारियों की भारी कमी का मुद्दा गरमा गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के दुर्ग जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने शासन को चेतावनी देते हुए सेटअप के अनुसार रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की मांग उठाई है।
नए कार्यालय खुले पर पद नहीं भरे गए कर्मचारी संघ का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा लगातार नए अनुविभाग, तहसील, उप-तहसील और अन्य सरकारी दफ्तर तो खोले जा रहे हैं, लेकिन इन दफ्तरों को चलाने के लिए आवश्यक कर्मचारियों की भर्ती नहीं की जा रही है। संघ ने आरोप लगाया है कि सेटअप के अनुरूप पदों को नहीं भरा जाना शासकीय कामकाज की गति और गुणवत्ता को प्रभावित कर रहा है।
गैर-सरकारी लोगों से काम करवाने की मजबूरी ज्ञापन में एक गंभीर समस्या की ओर इशारा किया गया है—कार्यालयों में कार्यभार अधिक होने के कारण अधिकारी और कर्मचारी अपने सहयोग के लिए ‘गैर-सरकारी’ व्यक्तियों को रखकर शासकीय काम करवा रहे हैं। संघ ने इसे सुरक्षा और गोपनीयता की दृष्टि से खतरनाक बताया है। साथ ही, वर्ष 2026-27 में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से खाली होने वाले पदों के कारण स्थिति और भी विकट होने की आशंका जताई गई है।
प्रमुख मांगें:
-
सभी विभागों में स्वीकृत सेटअप के अनुसार रिक्त पदों पर नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।
-
सेवानिवृत्ति से खाली होने वाले पदों को समय रहते भरा जाए।
-
सरकारी दफ्तरों में बाहरी/गैर-सरकारी व्यक्तियों के हस्तक्षेप को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए।
तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने कलेक्टर के माध्यम से सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग और वित्त विभाग को ज्ञापन प्रेषित कर इस दिशा में शीघ्र ठोस निर्णय लेने का आग्रह किया है।











