Ind Vs NZ : फाइनल से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग-11 पर सस्पेंस! वरुण चक्रवर्ती खेलने पर सस्पेंस… प्रैक्टिस सेशन से गायब

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 253 रन का बड़ा स्कोर बनाया और 7 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। हालांकि इस मुकाबले में भारतीय टीम के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाजी काफी महंगी साबित हुई, जिससे अब न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले फाइनल में उनकी जगह पर सवाल उठने लगे हैं।

अभ्यास सत्र में दिखे अलग संकेत

फाइनल से एक दिन पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया का अभ्यास सत्र हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार आमतौर पर नेट्स में शुरुआत में गेंदबाजी करने वाले वरुण चक्रवर्ती इस बार शुरुआत में गेंदबाजी करते नजर नहीं आए।

उनकी जगह बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव नेट्स में गेंदबाजी करते दिखे, जहां बल्लेबाज रिंकू सिंह उनका सामना कर रहे थे। वहीं तिलक वर्मा भी गेंदबाजी करते नजर आए, जबकि वरुण कुछ समय तक ड्रिंक्स बॉक्स के पास बैठे रहे।

Read More  : T20 World Cup 2026 : आज भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर! टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका

कप्तान ने जताया भरोसा

हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर चिंता जताने से इनकार किया है। उनका कहना है कि वरुण एक अनुभवी गेंदबाज हैं और उन्हें पता है कि अपने प्रदर्शन को कैसे सुधारना है।

सुपर-8 के बाद खराब हुई फॉर्म

टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में वरुण चक्रवर्ती शानदार लय में थे। ग्रुप स्टेज में उन्होंने 4 मैचों में 9 विकेट लेकर टीम के लिए अहम भूमिका निभाई थी।

लेकिन सुपर-8 राउंड के बाद उनकी गेंदबाजी कमजोर पड़ती दिखी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 47 रन, जिम्बाब्वे के खिलाफ 35 रन, वेस्टइंडीज के खिलाफ 40 रन और इंग्लैंड के खिलाफ तो 64 रन खर्च कर दिए।

कुलदीप यादव को मिल सकता है मौका

ऐसे में फाइनल मुकाबले के लिए कुलदीप यादव की वापसी की संभावना बढ़ती दिख रही है। कुलदीप ने इस टूर्नामेंट में सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 14 रन देकर एक विकेट लिया था।

हालांकि टीम मैनेजमेंट और कोच गौतम गंभीर अक्सर खिलाड़ियों को अतिरिक्त मौका देने के पक्ष में रहते हैं। ऐसे में यह भी संभव है कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती को आखिरी मौका दिया जाए।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *