Panchayat Corruption MP : मोहम्मदपुरा पंचायत में ‘भ्रष्टाचार की सड़क’; 8 इंच की जगह 4 इंच का निर्माण, अवैध कॉलोनी पर सरकारी मेहरबानी

VIKASH KHALKHO

Panchayat Corruption MP : बुरहानपुर (28 फरवरी 2026): जिले के ग्राम पंचायत मोहम्मदपुरा अंतर्गत महाजन कॉलोनी में सरकारी धन के दुरुपयोग और निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत बनाई जा रही सड़क में न केवल तकनीकी मापदंडों की अनदेखी की जा रही है, बल्कि नियमों के विरुद्ध एक ऐसी निजी कॉलोनी में निर्माण किया जा रहा है जो अब तक पंचायत को हैंडओवर ही नहीं हुई है।

इस्टीमेट से आधा निर्माण, गुणवत्ता पर सवाल क्षेत्रवासियों का आरोप है कि स्वीकृत इस्टीमेट के अनुसार सड़क की मोटाई 8 इंच होनी चाहिए, लेकिन मौके पर ठेकेदार और पंचायत की मिलीभगत से केवल 4 इंच की सड़क ही बनाई जा रही है। इस धांधली को लेकर जब शासकीय इंजीनियर जगदीश देवड़े ने मौके का मुआयना किया, तो उन्होंने भी स्वीकार किया कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि 8 इंच की जगह 4 इंच रोड बनना गंभीर अनियमितता है और इसके लिए पंचायत को नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।

अवैध कॉलोनी में क्यों लुटाया जा रहा सरकारी पैसा? बड़ा सवाल यह है कि महाजन कॉलोनी एक कृषि भूमि पर कटी अवैध निजी कॉलोनी है, जिसे कॉलोनाइजर ने अभी तक पंचायत को हस्तांतरित (Handover) नहीं किया है। नियमानुसार, जब तक कोई कॉलोनी पंचायत को हैंडओवर नहीं होती, तब तक वहां सरकारी मद से निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता। आरोप है कि पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी कॉलोनाइजर को अनुचित लाभ पहुँचाने की नीयत से यहाँ सड़क बनवा रहे हैं, जबकि इस क्षेत्र से पंचायत को कोई राजस्व भी प्राप्त नहीं होता।

जिम्मेदारों के बयानों में विरोधाभास इस पूरे मामले में जनपद सीईओ संजय सिंह का रवैया भी सवालों के घेरे में है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने एक ओर मामले की जांच की बात कही, तो दूसरी ओर यह भी कह दिया कि अवैध कॉलोनी में रोड निर्माण किया जा सकता है। जबकि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि जब तक वैधानिक प्रक्रिया पूरी न हो, सरकारी राशि निजी कॉलोनियों में खर्च नहीं की जा सकती। स्थानीय निवासी भारत यादव और अन्य ग्रामीणों ने इस ‘भ्रष्टाचार की सड़क’ को लेकर उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *