Jiyawan Police Action : सिंगरौली: स्कूल से घर लौट रही नाबालिग से छेड़छाड़, जियावन पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल; दूसरा फरार

VIKASH KHALKHO

Jiyawan Police Action : सिंगरौली (20 फरवरी 2026): जिले के जियावन थाना क्षेत्र में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए जियावन पुलिस ने एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले मुख्य आरोपी अखिलेश पाल को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। घटना का दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

जंगल के रास्ते में दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, घटना 17 फरवरी की है जब पीड़िता स्कूल से अपने गांव बगबुडवा लौट रही थी। रास्ते में झुरही जंगल के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों—बबलू पाल और अखिलेश पाल ने उसका रास्ता रोका। आरोपियों ने नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की और अश्लील गालियां देकर उसे प्रताड़ित किया। डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुँचकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद थाने में मामला दर्ज कराया गया।

संगीन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अनुसूचित जाति-जनजाति (SC/ST) अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 फरवरी को आरोपी अखिलेश पाल (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक तेजबहादुर सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी बबलू पाल को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि छात्राएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *