Sunday, August 23, 2026
Home Chhattisgarh SDO Gopal Krishna Sharma Arrested : उप सरपंच की शिकायत पर बड़ी...

SDO Gopal Krishna Sharma Arrested : उप सरपंच की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई: बलौदाबाजार में रिश्वत लेते रंगे हाथ धराया गजेटेड ऑफिसर

SDO Gopal Krishna Sharma Arrested : बलौदाबाजार/पलारी : छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आज एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बलौदाबाजार जिले के पलारी जनपद पंचायत में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग (RES) के एसडीओ (SDO) गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

1 लाख रुपये की थी डिमांड

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत भवानीपुर के उप सरपंच फागु सेन ने एसीबी रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि गांव में कराए गए मुरूम समतलीकरण कार्य के भुगतान और फाइलों को आगे बढ़ाने के बदले एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा द्वारा 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।जनपद पंचायत का अधिकारी गिरफ्तार, ACB की कार्रवाई

एसीबी ने बिछाया जाल

शिकायत के सत्यापन के बाद, एसीबी की टीम ने गुरुवार को जाल बिछाया। जैसे ही उप सरपंच रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 25 हजार रुपये लेकर एसडीओ के पास पहुँचे और उन्होंने पैसे लिए, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ धर दबोचा। अधिकारियों ने मौके पर ही एसडीओ के हाथ धुलवाए, जिससे रिश्वत के रूप में इस्तेमाल किए गए केमिकल युक्त नोटों का रंग उनके हाथों पर आ गया।

प्रमोशन के बाद भ्रष्टाचार का रास्ता

हैरानी की बात यह है कि आरोपी गोपाल कृष्ण शर्मा का कुछ महीनों पहले ही प्रमोशन हुआ था, जिसके बाद उन्हें एसडीओ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पद की गरिमा को दरकिनार कर भ्रष्टाचार में लिप्त होने की खबर फैलते ही पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है।

कानूनी कार्रवाई जारी

एसीबी की टीम फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उनके कार्यालय और अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here