Saturday, August 22, 2026
Home Chhattisgarh Dantewada Cyber Police Action : टास्क पूरा करने पर पैसा डबल करने...

Dantewada Cyber Police Action : टास्क पूरा करने पर पैसा डबल करने का लालच पड़ा भारी: साइबर सेल दंतेवाड़ा ने अंतरराज्यीय ठग को भेजा जेल

Dantewada Cyber Police Action : फकरे आलम खान/बचेली/दंतेवाड़ा: दंतेवाड़ा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। ‘लुक कंपनी’ के नाम पर टास्क पूरा करने और निवेश को दोगुना करने का झांसा देकर बचेली के युवकों से करीब 7 लाख 91 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गुजरात के जामनगर से गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसे बिछाया गया ठगी का जाल

मामला वर्ष 2025 का है, जब 15 मार्च से 18 जून के बीच बचेली निवासी प्रार्थी और उसके साथियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ का लालच दिया गया। आरोपियों ने एक फर्जी कंपनी के माध्यम से छोटे-छोटे टास्क पूरे करने पर राशि डबल करने का वादा किया। झांसे में आकर पीड़ितों ने कुल 7,91,547/- रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर थाना बचेली में अपराध क्रमांक 29/2025 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

साइबर फॉरेंसिक टूल्स और फाइनेंशियल एनालिसिस से मिली कामयाबी

दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय के निर्देशन में साइबर सेल ने इस जटिल मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए गए 100 से अधिक बैंक खातों के ट्रांजैक्शन का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया। फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस और अत्याधुनिक साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से पुलिस की टीम जामनगर, गुजरात पहुँची।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल

निरीक्षक विजय पटेल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जामनगर से आरोपी भगद अकरम (पिता- भगद दाउदभाई) को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस की अपील: सजग रहें, सुरक्षित रहें

दंतेवाड़ा पुलिस लगातार जनसंपर्क कर नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है। पुलिस ने हिदायत दी है कि:

  • किसी भी अनजान लिंक या ओटीपी (OTP) को शेयर न करें।
  • पार्ट टाइम जॉब या ‘पैसा डबल’ करने वाले लुभावने विज्ञापनों से बचें।
  • ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here