Barwani News : बड़वानी। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद, जबलपुर के आह्वान पर सोमवार को अभिभाषक संघ बड़वानी के समस्त अधिवक्तागण न्यायालयीन कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में नायब तहसीलदार को सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
Barwani News : ज्ञापन में बताया गया कि जिला करेरा, जिला शिवपुरी के अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की 14 फरवरी 2026 को अज्ञात अपराधियों द्वारा दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसकी अभिभाषक संघ बड़वानी ने घोर निंदा की। अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में लगातार अधिवक्ताओं पर हमले हो रहे हैं, जिससे वकील स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लंबे समय से राज्य शासन से एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
Barwani News : अभिभाषक संघ बड़वानी के अध्यक्ष सोहनलाल पाटीदार ने बड़वानी विधायक एवं अधिवक्ता राजन मण्डलोई से दूरभाष पर चर्चा कर इस गंभीर विषय को मध्यप्रदेश विधानसभा में उठाने का आग्रह किया। विधायक मण्डलोई ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा के मुद्दे पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
Barwani News : इस दौरान उपाध्यक्ष जे. ए. कुरैशी, सचिव नुरुज़्ज़मा शेख, सह सचिव दीपक चौहान, कोषाध्यक्ष महेश वैष्णव, ग्रंथपाल लकीरुद्दीन शेख, सर्वकारिणी सदस्य सीताराम खन्ना, आयुष वर्मा एवं नेहा शर्मा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।अभिभाषक संघ ने चेतावनी दी कि यदि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।











