टीकमगढ़: शहर के तिरंगा चौराहा स्थित तेवरैया ज्वेलरी शॉप में एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। यहां दो अज्ञात महिलाओं ने एक वृद्ध व्यक्ति की जेब से ₹61,400 रुपये पार कर दिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित नवलकिशोर ने बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है और उनके पास कुछ पुराने आभूषण थे। आर्थिक जरूरत के चलते वे रविवार दोपहर ज्वेलरी शॉप पहुंचे, जहां उन्होंने आभूषण बेचने के साथ पुराने लेन-देन का हिसाब भी चुकता किया। इसके बाद बची हुई ₹61,400 की राशि उन्होंने अपनी जैकेट की जेब में रख ली।
भीड़ का फायदा उठाकर की गई जेबतराशी
दुकान में मौजूद भीड़ और अफरा-तफरी के बीच दो महिलाओं ने मौका पाकर बेहद चालाकी से जेबतराशी की वारदात को अंजाम दिया। कुछ देर बाद जब नवलकिशोर ने अपनी जेब जांची तो रकम गायब थी, जिससे वे स्तब्ध रह गए।
Read More : इंदौर : विकास कार्यों की रफ्तार तेज, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया साकेत नगर-तिलक नगर का निरीक्षण
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में संदिग्ध महिलाओं की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी, पहचान के प्रयास तेज
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने कोतवाली थाना पहुंचकर आवेदन दिया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने पैसे और सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।









