निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : गोल्ड और सिल्वर मार्केट में लगातार दो दिनों की तेजी के बाद 5 फरवरी को अचानक गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में चांदी की कीमत करीब 28 हजार रुपये यानी लगभग 11 प्रतिशत तक टूट गई और एक किलो चांदी का भाव करीब 2.40 लाख रुपये पर आ गया। वहीं सोने की कीमत में भी लगभग 3 हजार रुपये यानी करीब 2 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई, जिससे 10 ग्राम सोना करीब 1.50 लाख रुपये पर पहुंच गया।
सर्राफा बाजार में भी कमजोरी
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार सर्राफा बाजार में चांदी 30,230 रुपये गिरकर 2,52,232 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। इसी तरह 24 कैरेट सोने का दाम 3,613 रुपये घटकर 1,53,012 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। विशेषज्ञों के मुताबिक हालिया रिकॉर्ड स्तर के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली ने कीमतों पर दबाव बढ़ाया है।
Read More : CG NEWS: बिलासपुर में सराफा व्यापारी से 36.83 लाख की ठगी, राजस्थान का कारोबारी फरार
गिरावट के पीछे दो मुख्य कारण
विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतों में गिरावट के पीछे प्रमुख कारण बड़े पैमाने पर प्रॉफिट बुकिंग और फिजिकल डिमांड में कमजोरी है। ऑल-टाइम हाई स्तर छूने के बाद ज्वेलरी और औद्योगिक मांग में कमी देखने को मिली, जिससे बाजार में संतुलन बिगड़ा और कीमतें नीचे आईं।
मार्जिन बढ़ने से बढ़ी बिकवाली
सेबी पंजीकृत कमोडिटी विशेषज्ञों के अनुसार शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) ने सोने और चांदी पर मार्जिन मनी बढ़ा दी है। सोने का मार्जिन 6% से बढ़ाकर 8% और चांदी का 11% से बढ़ाकर 15% कर दिया गया है। मार्जिन बढ़ने से ट्रेडर्स पर अतिरिक्त पूंजी का दबाव आता है, जिससे कई निवेशक अपनी होल्डिंग बेचने लगते हैं और बाजार में गिरावट तेज हो जाती है।
आगे क्या रहेगा रुझान?
विश्लेषकों का कहना है कि निकट अवधि में गोल्ड-सिल्वर की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। वैश्विक संकेत, डॉलर की चाल, ब्याज दरों का रुख और निवेशकों की रणनीति आगे की दिशा तय करेंगे। ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहकर निर्णय लेने की सलाह दी जा रही है।











