Saturday, August 22, 2026
Home Chhattisgarh Kondagaon Community Policing : वनांचल में खेल के जरिए पुलिस ने बढ़ाया...

Kondagaon Community Policing : वनांचल में खेल के जरिए पुलिस ने बढ़ाया दोस्ती का हाथ: गागड़ा में आयोजित हुई दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता

Kondagaon Community Policing : कोण्डागांव। सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में पुलिस-जनता के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कोण्डागांव पुलिस द्वारा ग्राम गागड़ा में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय खेल के माध्यम से युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें विभिन्न सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करना रहा।

प्रतियोगिता के दौरान वनांचल क्षेत्र की कुल 16 टीमों ने अपना दम-खम दिखाया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में ग्राम एरला की टीम ने बिंजोली को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को शील्ड और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस दो दिवसीय आयोजन की खास बात यह रही कि पुलिस विभाग द्वारा सभी प्रतिभागियों और ग्रामीणों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे एक आत्मीय माहौल देखने को मिला।

सिर्फ खेल ही नहीं, बल्कि इस मंच का उपयोग पुलिस ने जन-जागरूकता के लिए भी किया। थाना अनंतपुर की टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों, जैसे ऑनलाइन ठगी और फिशिंग से बचने के तरीके सिखाए। साथ ही नए कानूनों, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात नियमों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। एसडीओपी रूपेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज की दिशा में प्रेरित करते हैं।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में थाना प्रभारी अनंतपुर गोपेंद्र पटेल, माकड़ी थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि भविष्य में भी खेलकूद और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए जनता और पुलिस के संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here