Burhanpur School News : बुरहानपुर। जिले के प्रतिष्ठित सेंट टेरेसा हायर सेकेंडरी स्कूल में एक बार फिर स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली विवादों के घेरे में है। स्कूल पर आरोप है कि वह विद्यार्थियों से ‘स्मार्ट क्लासेस’ और डिजिटल लर्निंग के नाम पर मोटी रकम तो वसूल रहा है, लेकिन हकीकत में छात्रों को इन सुविधाओं का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। इस मामले में अभिभावकों ने फीस वृद्धि और सेवाओं में कमी को लेकर जिला प्रशासन से गुहार लगाई है।
सालों से संघर्ष कर रहे अभिभावक अभिभावक फरीद काजी ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वे पिछले दो वर्षों से इस विसंगति के खिलाफ शिकायत कर रहे हैं। उनका दावा है कि स्मार्ट क्लास के नाम पर अलग से शुल्क लेने के बावजूद अधिकांश कक्षाओं में न तो स्मार्ट बोर्ड नियमित रूप से चालू हैं और न ही डिजिटल संसाधनों से पढ़ाई कराई जा रही है। छात्र आज भी पुराने और पारंपरिक तरीकों से ही पढ़ने को मजबूर हैं।
प्रबंधन के दावे बनाम धरातल की हकीकत वहीं, स्कूल प्रबंधन के मैनेजर फादर फिलिप ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि स्कूल में स्मार्ट क्लासेस की पूरी व्यवस्था उपलब्ध है और छात्र इसका नियमित लाभ उठा रहे हैं। हालांकि, शिक्षा विभाग द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में कई खामियां सामने आई हैं, जो प्रबंधन के दावों पर सवालिया निशान लगाती हैं।
प्रशासन की बड़ी कार्रवाई के संकेत इस पूरे प्रकरण में जिला शिक्षा अधिकारी रविंद्र महाजन ने स्पष्ट किया है कि यदि सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना फीस ली जाती है, तो यह नियमों का सीधा उल्लंघन है। जांच रिपोर्ट जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर को सौंप दी गई है। वहीं, एडीएम वीर सिंह चौहान ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि बिना ठोस सुविधा के वसूली करना नियमों के विरुद्ध है और यदि आरोप सही पाए गए, तो स्कूल प्रबंधन पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन की इस जांच के बाद क्या स्कूल प्रबंधन अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करता है या फिर उसे भारी जुर्माने और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।













