Road Safety Month 2026 : जबलपुर। सड़क सुरक्षा माह-2026 के उपलक्ष्य में रीवा–कटनी–जबलपुर–लखनादौन हाईवे परियोजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नेशनल हाईवे इंफ्रा ट्रस्ट (NHIT) द्वारा गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को बहोरीपार टोल प्लाजा पर दो-पहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु हेलमेट वितरण कार्यक्रम और जरूरतमंदों के लिए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयं वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित सफर का संकल्प दिलाया। साथ ही, रक्तदान शिविर का अवलोकन करते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जिससे किसी व्यक्ति की अमूल्य जान बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने की अपील की।
सुरक्षा मानकों का रहा विशेष ध्यान: परियोजना निदेशक (राष्ट्रीय राजमार्ग) अमृतलाल साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की। शिविर का उद्देश्य न केवल सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था, बल्कि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना भी था।
प्रशासन और स्टाफ की सक्रिय सहभागिता: कार्यक्रम को सफल बनाने में अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम जबलपुर, परियोजना प्रबंधक श्री क्रांति कुमार, और टोल मैनेजर पृथ्वी राठी सहित एनएचआईटी (NHIT) और आरकेजेएल (RKJL) के समस्त स्टाफ की अहम भूमिका रही। सेफ्टी मैनेजर लोकेंद्र शर्मा और कॉरिडोर मैनेजर कमल सिंह ने सड़क सुरक्षा मानकों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया।









