Thursday, October 1, 2026
Home Madhya Pradesh Lalbagh Police Station : कॉलोनी में तनाव के बीच पुलिस की दबिश:...

Lalbagh Police Station : कॉलोनी में तनाव के बीच पुलिस की दबिश: अवैध गतिविधियों के रैकेट से जुड़ी सामग्री जब्त, एक महिला पर केस

Lalbagh Police Station : बुरहानपुर। जिला मुख्यालय की इंदिरा कॉलोनी में लंबे समय से संचालित हो रहे एक कथित अवैध रैकेट का लालबाग पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। स्थानीय रहवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने एक मकान पर दबिश देकर दो महिलाओं और एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के दौरान मोहल्ले में काफी देर तक गहमा-गहमी और तनाव की स्थिति बनी रही।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इंदिरा कॉलोनी के इस मकान में बाहरी और अजनबी लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता था। रहवासी योगेश पांडे के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से यहाँ संदिग्ध गतिविधियाँ जारी थीं, जिससे कॉलोनी का पारिवारिक माहौल खराब हो रहा था। वहीं, विजय शर्मा और प्रतिभा सहित अन्य मोहल्लेवासियों ने बताया कि अजनबी लोग अक्सर गलती से पड़ोसियों के दरवाजे खटखटाते थे, जिससे महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल बना रहता था।

कार्रवाई के दौरान उस वक्त स्थिति बिगड़ गई जब आक्रोशित भीड़ ने एक महिला को पकड़कर उसके साथ मारपीट कर दी। हालांकि, महिला ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह केवल कपड़े देने आई थी। सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए संदिग्धों को थाने ले गई। पुलिस ने मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।

लालबाग थाना प्रभारी अमित जदोन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अवैध गतिविधियों के रैकेट से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। मुख्य आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट के तार कहाँ-कहाँ से जुड़े हैं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल, क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और जांच जारी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here