Bhopal Illegal Colony Demolition : भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अवैध कॉलोनियों के जाल को खत्म करने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन 4 अवैध कॉलोनियों पर नगर निगम और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वहां किए गए निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
करोड़ों का अवैध निर्माण जमींदोज: बताया जा रहा है कि इन अवैध कॉलोनियों को विकसित करने में लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुँचकर कॉलोनियों के मुख्य गेट, सुरक्षा शेड और नवनिर्मित सड़कों को उखाड़ फेंका। कार्रवाई के दौरान एसडीएम और तहसीलदार खुद मोर्चा संभाले हुए थे, ताकि किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटा जा सके।
इन कॉलोनाइजरों पर गिरी गाज: प्रशासन के अनुसार, ईंटखेड़ी क्षेत्र में रुक्साना, विनोद, रिजवान और हीरालाल नामक व्यक्ति बिना किसी अनुमति और वैधानिक डायवर्जन के अवैध रूप से प्लॉटिंग कर रहे थे। इन सभी के खिलाफ पहले ही FIR दर्ज की जा चुकी थी। शासन के निर्देशों के बाद अब जमीनी स्तर पर इन कॉलोनियों को नेस्तनाबूद करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जनता के लिए चेतावनी: प्रशासन ने इस कार्रवाई के माध्यम से आम नागरिकों को भी सचेत किया है कि वे सस्ते प्लॉट के लालच में आकर ऐसी अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। भू-माफिया सरकारी जमीन या बिना अनुमति वाली निजी जमीन पर अवैध कॉलोनियां विकसित कर लोगों को ठग रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसी सभी कॉलोनियों पर कार्रवाई जारी रहेगी जहाँ नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा।











