Balrampur Bear Attack News : राजपुर/बलरामपुर: बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ भेंडरी गांव के दो ग्रामीणों पर जंगली भालू ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है। इस घटना के बाद से ही गांव और आसपास के जंगल से सटे इलाकों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, भेंडरी गांव के दो ग्रामीण आज अपने मवेशियों (भैंसों) को चराने के लिए जंगल की ओर गए हुए थे। इसी दौरान जंगल के करीब झाड़ियों में पहले से घात लगाए बैठे एक जंगली भालू ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। भालू के इस अप्रत्याशित हमले से ग्रामीणों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के वक्त ग्रामीणों ने जान बचाने के लिए शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण और मवेशी पालक मौके की ओर दौड़े। लोगों की भारी भीड़ और शोर-शराबा देखकर भालू घायलों को छोड़कर दोबारा घने जंगल की ओर भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भालू काफी आक्रामक था।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका प्राथमिक उपचार कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँच गई है। विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी है और भालू की आवाजाही पर नजर रखने के लिए प्रभावित इलाके में गश्त तेज कर दी गई है।













