Tuesday, August 18, 2026
Home Chhattisgarh Vasant Panchami Celebration Kharora : खरोरा के सरस्वती शिशु मंदिर में गूँजे...

Vasant Panchami Celebration Kharora : खरोरा के सरस्वती शिशु मंदिर में गूँजे वैदिक मंत्र: विद्यारंभ संस्कार के साथ बच्चों ने शुरू की शिक्षा की यात्रा

Vasant Panchami Celebration Kharora : खरोरा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, खरोरा में वसंत पंचमी के पावन अवसर पर सरस्वती पूजन, विद्यारंभ संस्कार एवं समर्पण कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईश्वरी देवांगन भूमिदानदाता एवं समाजसेवी विशिष्ट अतिथि रोहित वर्मा पत्रकार तथा विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी पाटकर एवं प्रधानाचार्य संजय वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्राचार्य द्वारा कराया गया।

पूजन एवं हवन की विधि विद्यालय के पूर्व आचार्य चेतन प्रसाद द्विवेदी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई। इसके पश्चात नवप्रवेशी भैया-बहनों का पट्टी पूजन कर पाँच देवाक्षर लिखवाते हुए विद्यारंभ संस्कार कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय में कुल 80 नवप्रवेशी भैया-बहनों का विद्यारंभ संस्कार सम्पन्न हुआ। सभी विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से स्लेट-पेंसिल भेंट की गई।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि वसंत पंचमी से वसंत ऋतु का आरंभ होता है, जिसमें प्रकृति नवजीवन से भर जाती है। पलाश, कचनार खिलते हैं और आम के पेड़ों में बौर आ जाते हैं। इस दिन माँ सरस्वती से ज्ञान का वरदान माँगना चाहिए, क्योंकि ज्ञान ही जीवन को सही दिशा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि विद्या भारती के सरस्वती शिशु मंदिरों में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, राष्ट्रभक्ति एवं सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस अवसर पर भैया-बहनों ने गिरिकंदराओं में निवास करने वाले वनवासी भैया-बहनों की शिक्षा एवं संस्कार हेतु माँ सरस्वती की पूजन एवं समर्पण भी किया।

विद्यालय परिसर को भैया-बहनों द्वारा फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया। हवन पूजन में 11 जोड़ियों ने सहभागिता की, जिनमें श्रीमती गायत्री साहू-तोमन साहू, श्रीमती किरण यादव-रवि शंकर यादव, श्रीमती कीर्ति साहू-भेंन कुमार साहू, श्रीमती कविता वर्मा-सूर्यकांत वर्मा, श्रीमती चित्रलेखा सिन्हा-यीश कुमार सिन्हा सहित अन्य शामिल रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के आचार्य-दीदियों एवं भैया-बहनों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी पाटकर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here