नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप के आयोजन को लेकर बना सस्पेंस अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। आज का दिन बांग्लादेश क्रिकेट के लिए सबसे अहम माना जा रहा है, क्योंकि भारत में खेलने को लेकर उसकी आपत्तियों पर आईसीसी की ओर से दिया गया अल्टीमेटम आज खत्म हो रहा है। अगर बांग्लादेश ने अपने रुख में बदलाव नहीं किया, तो उसके वर्ल्ड कप से बाहर होने का खतरा भी बन सकता है।
इस पूरे विवाद के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के ताजा रुख ने बांग्लादेश की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। माना जा रहा था कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ मिलकर भारत में खेलने का विरोध करेगा, लेकिन पीसीबी ने साफ कर दिया है कि वह टूर्नामेंट का बहिष्कार नहीं करेगा।
‘समर्थन’ दिखाया, लेकिन बहिष्कार से दूरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को भेजे ईमेल में बांग्लादेश की सुरक्षा चिंताओं का समर्थन जरूर किया है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान अपनी टीम को वर्ल्ड कप से बाहर नहीं करेगा। पीसीबी का तर्क है कि पाकिस्तान के सभी मुकाबले पहले से ही श्रीलंका में तय हैं, इसलिए भारत में खेलने का सवाल ही नहीं उठता।
Read More : CG NEWS : FIR के नाम पर रिश्वत लेने वाला प्रधान आरक्षक सस्पेंड, SSP की सख्त कार्रवाई
यानी पाकिस्तान कूटनीतिक तौर पर बांग्लादेश के साथ खड़ा नजर आ रहा है, लेकिन अपने हितों से कोई समझौता करने के मूड में नहीं है। इस दोहरे रुख ने बांग्लादेश को लगभग अकेला छोड़ दिया है।
बांग्लादेश के सामने ‘करो या मरो’ की स्थिति
बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने साफ कहा है कि उनकी टीम भारत में खेलने को लेकर दबाव में नहीं आएगी। हालांकि, आईसीसी की ओर से नियुक्त स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसी भारत में सुरक्षा खतरे को ‘नगण्य’ (Nil) बता चुकी है।
बांग्लादेश ने एक वैकल्पिक रास्ता निकालते हुए आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का प्रस्ताव रखा था, ताकि वह अपने मैच श्रीलंका में खेल सके। लेकिन आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिससे बांग्लादेश के विकल्प और सीमित हो गए हैं।
आज होगा बड़ा फैसला
अब सबकी नजरें आईसीसी पर टिकी हैं। अगर बांग्लादेश आज तक अपनी सहमति नहीं देता, तो आईसीसी कड़ा फैसला ले सकती है। ऐसी स्थिति में टी20 वर्ल्ड कप बिना बांग्लादेश के भी आयोजित किया जा सकता है, जो क्रिकेट इतिहास का एक बड़ा और विवादास्पद अध्याय होगा।











