धार : धार जिले में 23 जनवरी को बसंत पंचमी पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। बुधवार को इंदौर कमिश्नर सुदाम खाड़े और आईजी अनुराग ने सर्किट हाउस में हिंदू और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडलों से शांति बैठक की। बैठक में जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
हिंदू पक्ष ने सहयोग का दिया आश्वासन
बैठक में हिंदू पक्ष ने प्रशासन से अनुरोध किया कि भोजशाला में होने वाले बसंत पंचमी कार्यक्रम अखंड और शांतिपूर्ण संपन्न हों। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी ऐसे मौके आए हैं, इसलिए इस बार प्रशासन के सहयोग से सभी कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हों।
मुस्लिम समाज ने जताया सहयोग, जुम्मे की नमाज में सीमित उपस्थिति का भरोसा
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वे हमेशा प्रशासन के सहयोगी रहे हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जुम्मे की नमाज में बड़ी संख्या में नहीं जाएंगे और सीमित दायरे में संविधान के दायरे में रहकर सांकेतिक रूप से अपनी नमाज अदा करेंगे।
प्रशासन की तैयारियाँ और सुरक्षा इंतजाम
बैठक के बाद कमिश्नर सुदाम खाड़े ने पत्रकारों को बताया कि प्रशासन शहर में शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। शहर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं और 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। किसी भी तरह की अशांति या दंगा फैलाने के प्रयास को प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा।
सोशल मीडिया पर फैल रहे भ्रम से बचने की अपील
कमिश्नर ने सभी से सोशल मीडिया पर भ्रमित समाचारों से बचने की अपील की। आईजी अनुराग ने कहा कि दोनों पक्षों से सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई और प्रशासन ने अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की।









