Friday, August 28, 2026
Home Madhya Pradesh Indore Indore Drug Case : थार वाली ‘ड्रग गर्ल’ और बाबा का गोवा...

Indore Drug Case : थार वाली ‘ड्रग गर्ल’ और बाबा का गोवा कनेक्शन: इंदौर पुलिस की रडार पर हाई-प्रोफाइल पार्टियों के नेटवर्क

Indore Drug Case : इंदौर: इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पकड़े गए हाई-प्रोफाइल एमडी (MD) ड्रग रैकेट की जांच अब रतलाम और गोवा तक फैल गई है। पुलिस की जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि आरोपी न केवल ड्रग्स की तस्करी करते थे, बल्कि बाकायदा हाई-प्रोफाइल पार्टियों का आयोजन कर वहां नशीले पदार्थों की सप्लाई सुनिश्चित करते थे। इस रैकेट का मास्टरमाइंड भोपाल का एक स्कूल संचालक निकला है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद परत-दर-परत राज खुल रहे हैं।

मामले की शुरुआत 12 जनवरी को हुई थी, जब कनाड़िया पुलिस ने घेराबंदी कर एक थार गाड़ी से भोपाल के स्कूल संचालक अबान को गिरफ्तार किया था। अबान के पास से एमडी ड्रग बरामद हुई थी, जिसे वह इंदौर में खपाने आया था। उससे हुई कड़ी पूछताछ में वैभव उर्फ ‘बाबा’ का नाम सामने आया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वैभव और उसके साथ संलिप्त दो युवतियों को भी हिरासत में लिया है। जांच में पता चला है कि ये युवतियां वैभव के साथ मिलकर इंदौर की वीआईपी पार्टियों में जाती थीं और वहां कोड वर्ड में ड्रग्स सप्लाई करती थीं।

एडिशनल डीसीपी राजेश डंडोतिया के मुताबिक, आरोपी वैभव के तार गोवा में होने वाली बड़ी रेव पार्टियों से भी जुड़े हुए हैं। पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपियों ने हाल ही में रतलाम में एक बड़ी पार्टी का आयोजन किया था, जहां भारी मात्रा में एमडी ड्रग का इस्तेमाल किया गया था। इस जानकारी के मिलते ही इंदौर पुलिस की एक विशेष टीम सबूत जुटाने और नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए रतलाम रवाना कर दी गई है।

पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि इंदौर और आसपास के जिलों में उनके और कितने खरीदार मौजूद हैं। इस कार्रवाई से शहर के हाई-प्रोफाइल नशा नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में कुछ और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है, जो पर्दे के पीछे से इस काले कारोबार को संरक्षण दे रहे थे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here