Kondagaon Health Department Cricket : माकड़ी (कोण्डागांव) रोशन सेन : स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के बीच खेल भावना और आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय स्वास्थ्य विभाग क्रिकेट प्रतियोगिता (सीजन–5) का मंगलवार को माकड़ी में भव्य समापन हुआ। 9 से 12 जनवरी 2026 तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट में जिलेभर की 10 टीमों ने अपना दमखम दिखाया।
मैदान पर रोमांच और फरसगांव की फतह: हाइस्कूल ग्राउंड, माकड़ी में खेले गए फाइनल मुकाबले में CHC Fighter फरसगांव और RHO Fighters की टीमें आमने-सामने थीं। कड़े मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फरसगांव की टीम ने जीत दर्ज कर विजेता के खिताब पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को 21,000 रुपये व ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 11,000 रुपये व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत उपलब्धियों में नवीन बिसोई ने अपनी धारदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर ‘मैन ऑफ द सीरीज’ और ‘सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज’ का डबल खिताब जीता।
प्रशासनिक मार्गदर्शन और सफल प्रबंधन: यह पूरी प्रतियोगिता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित की गई। आयोजन समिति के उज्जवल अधिकारी, बी.सी. साहू और धीरेंद्र नेताम सहित माकड़ी ब्लॉक के कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं को बखूबी संभाला। समापन अवसर पर बीएमओ डॉ. देवेश घरत सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से काम के तनाव के बीच कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार होता है।
स्थान: माकड़ी (कोंडागांव) रिपोर्टर: रोशन सेन









