Friday, September 25, 2026
Home National Mumbai Big News : महाराष्ट्र कांग्रेस उपाध्यक्ष हिदायतुल्ला पटेल की चाकू हमले में...

Big News : महाराष्ट्र कांग्रेस उपाध्यक्ष हिदायतुल्ला पटेल की चाकू हमले में मौत, अकोला में सियासी हलचल

मुंबई :  महाराष्ट्र के अकोला जिले से मंगलवार को एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष हिदायतुल्ला पटेल पर मोहला गांव की मस्जिद के बाहर धारदार हथियार से हमला किया गया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बुधवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और राजनीतिक हलकों में शोक व आक्रोश का माहौल है।

नमाज़ के बाद घात लगाए बैठे आरोपी ने किया वार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिदायतुल्ला पटेल मंगलवार दोपहर मोहला मस्जिद में नमाज़ अदा करने पहुंचे थे। करीब 1:30 बजे जब वे मस्जिद से बाहर निकले, तभी पहले से घात लगाए बैठे युवक ने अचानक उनके गले और सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पटेल खून से लथपथ वहीं गिर पड़े।

Read More : Indore News : इंदौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एरोड्रम और सदर बाजार क्षेत्रों में ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

ICU में चला इलाज, नहीं बच सकी जान

स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल पटेल को अकोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें आईसीयू में रखा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई। तमाम कोशिशों के बावजूद बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे खून से सने कपड़ों में मस्जिद से बाहर निकलते दिख रहे हैं।

पुरानी रंजिश का एंगल, आरोपी हिरासत में

अकोट ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी उबेद खान कालू खान उर्फ रजीक खाम पटेल (22) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार रात पनज गांव से पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पुरानी व्यक्तिगत रंजिश के चलते किया गया। मामले में कांग्रेस पार्षद सुवर्णा कल्लाकुंटला की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।

सुरक्षा बढ़ी, पुलिस जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए मोहला और अकोट क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चंदक स्वयं हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि किसी भी साजिश की आशंका को नज़रअंदाज़ न किया जाए।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here