Milk Tanker Overturns MP : बड़वानी: जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार की सुबह घने कोहरे और कम दृश्यता (विजिबिलिटी) के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तलवाड़ा बुजुर्ग गांव के पास सांची दूध से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुखद दुर्घटना में टैंकर के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांची दूध डेयरी बड़वानी से लगभग 9700 लीटर दूध लेकर टैंकर क्रमांक MP 09 GH 6328 राजपुर से सेंधवा की ओर जा रहा था। सुबह करीब 8 बजे जब टैंकर नंदनी गौशाला के पास पहुँचा, तो घने कोहरे के कारण चालक को सड़क का अंदाजा नहीं मिल पाया। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पास में लगा बिजली का एक लोहे का पोल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में टैंकर के हेल्पर कन्हैयालाल मुजाल्दे (35 वर्ष), निवासी ग्राम काटियाखेड़ी, की दबने और गंभीर चोटें आने के कारण घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं, चालक अमजद अहमद शेख (35 वर्ष), निवासी खदान मोहल्ला बड़वानी, को गंभीर अवस्था में लहूलुहान हालत में बाहर निकाला गया। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना 108 एम्बुलेंस को दी और घायलों को अस्पताल पहुँचाने में मदद की।
टैंकर पलटने के कारण उसके ऊपरी ढक्कन पर लगी सील टूट गई, जिससे हजारों लीटर दूध सड़क और पास के गड्ढों में बह गया। जिला अस्पताल बड़वानी में प्राथमिक उपचार के बाद चालक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल इंदौर रेफर कर दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायल के परिजन अस्पताल पहुँचे, जहाँ चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहनों की गति धीमी रखें और फॉग लाइट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।













