Tuesday, August 18, 2026
Home Madhya Pradesh Rewa Congress Protest : रीवा में कांग्रेस का ‘घंटा बजाओ’ प्रदर्शन :...

Rewa Congress Protest : रीवा में कांग्रेस का ‘घंटा बजाओ’ प्रदर्शन : इंदौर में दूषित पानी से मौतों पर सांसद के घर हंगामा; कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर जताया रोष

Rewa Congress Protest : रीवा: इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल के कारण 15 लोगों की मौत और सैकड़ों के बीमार होने का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। इस त्रासदी और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के हालिया बयान के विरोध में रविवार को रीवा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के निवास का घेराव कर ‘घंटा’ बजाकर सोती हुई सरकार को जगाने का प्रयास किया।

कैलाश विजयवर्गीय के बयान से बढ़ा आक्रोश

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक तरफ लोग जान गंवा रहे हैं, दूसरी तरफ सत्ता पक्ष के जिम्मेदार नेता संवेदनहीन बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस ने कैलाश विजयवर्गीय के बयान को पीड़ितों का अपमान बताया। इसी के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से कांग्रेसी अपने साथ ‘घंटा’ लेकर पहुंचे थे और सांसद आवास के बाहर उसे बजाकर नारेबाजी की।

पुलिस बल से हुई नोकझोंक

प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए सांसद निवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि, सांसद जनार्दन मिश्रा घर पर मौजूद नहीं थे, जिसके कारण कांग्रेसियों को उनके बिना मिले ही वापस लौटना पड़ा।

अशोक पटेल ‘झब्बू’ (शहर अध्यक्ष, कांग्रेस) ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को शुद्ध पेयजल देने में भी नाकाम रही है और जब लोग मर रहे हैं, तो उनके नेता अहंकार में डूबे बयान दे रहे हैं। वहीं, राजीव पाठक (CSP) ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित किया गया।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here