रायपुर : नववर्ष 2026 की शुरुआत छत्तीसगढ़ में ठंडे मौसम के साथ हुई है। पुराने साल को विदाई देने के बाद भी प्रदेशवासियों को सर्दी से फिलहाल राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद आगामी तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की क्रमिक गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
दुर्ग संभाग में शीतलहर का असर
दुर्ग संभाग में कड़ाके की ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। गुरुवार को क्षेत्र के एक-दो इलाकों में शीतलहर चली, जिससे लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा। हालांकि paradox यह रहा कि प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान भी दुर्ग में ही 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Read More : Katni road accident : साल के पहले दिन भीषण सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से 4 की मौत, मासूम बच्ची भी शामिल
अंबिकापुर सबसे ठंडा शहर
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। 1 जनवरी 2026 को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और वर्षा के आंकड़े शून्य रहे।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब क्षेत्र के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में घना कोहरा भी छा सकता है।
रायपुर का मौसम पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। माना क्षेत्र में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।









