Bhopal Irani Dera Raid : भोपाल। राजधानी के निशातपुरा इलाके में स्थित कुख्यात ‘ईरानी डेरा’ (अमन कॉलोनी) में रविवार तड़के पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। डीसीपी मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में 150 से अधिक पुलिस जवानों ने डेरे पर दबिश दी। इस दौरान अपराधियों को बचाने के लिए डेरे की महिलाओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर जमकर पथराव किया और महिला पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी की। भारी विरोध के बावजूद पुलिस ने बल प्रयोग कर 24 पुरुष बदमाशों और 10 महिलाओं सहित कुल 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की इस रेड में अपराध का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। तलाशी के दौरान चोरी की 21 बाइक, 51 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, वाहनों की नंबर प्लेट और लोगों को डराने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक नकली पिस्टल मिली है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों के पास से ‘फर्जी पत्रकार’ की माइक आईडी और विदेशी करेंसी (9 यूएस डॉलर व ईरानी रियाल) भी बरामद हुई है। पूछताछ में पता चला है कि ये बदमाश देशभर में नकली पुलिसकर्मी बनकर ठगी, चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
डीसीपी जोन-4 मयूर खंडेलवाल के अनुसार, लंबे समय से ईरानी डेरे के बदमाशों द्वारा शहर और पड़ोसी राज्यों में वारदात करने की सूचना मिल रही थी। कुख्यात अपराधी राजू ईरानी और कल उर्फ ईरानी के ठिकानों पर की गई इस कार्रवाई से ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में साबिर अली, शब्बीर अली और मोहम्मद सादिक जैसे इनामी व फरार वारंटी शामिल हैं। रविवार शाम सभी आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया।
बरामदगी की सूची (Fact Box)
-
वाहन: 21 चोरी की बाइक
-
गैजेट्स: 51 मोबाइल, 1 टैबलेट
-
हथियार: 1 नकली पिस्टल
-
करेंसी: 9 यूएस डॉलर, 1 ईरानी रियाल
-
अन्य: फर्जी पत्रकार माइक आईडी, वाहनों की फर्जी नंबर प्लेटें













