Tuesday, August 18, 2026
Home Chhattisgarh Bemetara News: सीएचओ प्रकरण में निष्पक्ष जाँच व दोषियों पर कार्रवाई की...

Bemetara News: सीएचओ प्रकरण में निष्पक्ष जाँच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एनएचएम संघ का प्रदर्शन

Bemetara News
Bemetara News

Bemetara News: बेमेतरा। जिले में महिला सीएचओ कर्मचारियों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न की शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ द्वारा आज 18 अगस्त 2026, मंगलवार को प्रदेशव्यापी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर बेमेतरा जिला मुख्यालय में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया।

Bemetara News: प्रदर्शन के दौरान संघ द्वारा कलेक्ट्रेट घेराव के लिए आगे बढ़ने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा संघ के प्रतिनिधियों को रास्ते में रोक दिया गया। इसके बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर बेमेतरा से मुलाकात कर अपनी मांगों एवं महिला सीएचओ कर्मचारियों की शिकायत से संबंधित ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर द्वारा संघ के प्रतिनिधिमंडल को 15 दिवस के भीतर प्रकरण की जाँच कर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। संघ ने जाँच प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए जाँच पूरी होने तक सीएमएचओ बेमेतरा को अन्यत्र पदस्थ करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।

Bemetara News: संघ का कहना है कि कार्यस्थल पर प्रत्येक कर्मचारी के साथ सम्मानजनक व्यवहार, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा एवं गरिमा तथा शिकायतों की निष्पक्ष जाँच सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। महिला कर्मचारियों के सम्मान एवं अधिकारों से जुड़े इस मामले में संघ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।

Bemetara News: प्रदेश के सभी एन.एच.एम. कर्मचारियों से सामूहिक अवकाश लेकर बेमेतरा जिला मुख्यालय पहुंचने का आह्वान किया गया था। विशेष रूप से दुर्ग संभाग के एन.एच.एम. कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में बेमेतरा पहुंचकर प्रदर्शन में सहभागिता की। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने जिला मुख्यालयों में कलेक्टर के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों का समर्थन किया गया।

Bemetara News: प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने कहा कि, “शासकीय कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों का सम्मान और गरिमा सर्वोपरि है। बेमेतरा में सीएचओ महिला कर्मचारियों द्वारा की गई शिकायत की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जाँच कर तथ्यों के आधार पर विधि एवं नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। संघ किसी भी अधिकारी-कर्मचारी के साथ अन्याय एवं कार्यस्थल पर दुर्व्यवहार के विरुद्ध शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।”

एन.एच.एम. कर्मचारी संघ की प्रमुख मांगें—

1. महिला सीएचओ कर्मचारियों की शिकायत की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जाँच की जाए।

2. जाँच प्रक्रिया में पूर्ण प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।

3. जाँच पूरी होने तक सीएमएचओ बेमेतरा को अन्यत्र पदस्थ किया जाए।

4. दोष सिद्ध होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

5. कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा सुनिश्चित की जाए।

6. एन.एच.एम. कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक एवं निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
धरना प्रदर्शन में जिले भर के एन. एच एम. कर्मचारी अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आस पास जिले दुर्ग, रायपुर,बालोद, राजनांदगाव, कवर्धा, खैरागढ़, मोहला मानपुर, बलौदाबाजार, मुंगेली, कोरबा, बिलासपुर सहित आस पास के कर्मचारी अधिकारी भारी संख्या में उपस्थित थे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here