ED अधिकारी चिंतन रघुवंशी 20 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथ दबोचा…

0
246

भुवनेश्वर। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) में पदस्थ IRS अधिकारी चिंतन रघुवंशी को 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह रकम खनन व्यवसायी से मनी लॉन्ड्रिंग केस के निपटारे के एवज में मांगी गई थी। बताया जा रहा है कि अधिकारी ने पहले 5 करोड़ की मांग रखी थी, जो बाद में 2 करोड़ रुपये पर तय हुई। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई में CBI ने रघुवंशी को पहली किस्त लेते पकड़ा।

CBI ने बिछाया जाल, रंगे हाथ दबोचा
CBI को शिकायत मिली थी कि ईडी के उप निदेशक चिंतन रघुवंशी एक व्यवसायी से केस में राहत दिलाने के बदले में मोटी रकम की मांग कर रहे हैं। जांच एजेंसी ने योजना बनाकर व्यवसायी को 20 लाख रुपये की नकद राशि के साथ भेजा और जैसे ही अधिकारी ने रकम हाथ में ली, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। रघुवंशी 2013 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी हैं और फिलहाल ईडी में पदस्थ हैं।

भुवनेश्वर में एक और भ्रष्टाचार कांड, अभियंता के घर से 2.1 करोड़ बरामद
इसी दिन ओडिशा सतर्कता विभाग ने राज्य के ग्रामीण विकास विभाग के मुख्य अभियंता बैकुंठ नाथ सारंगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उनके सात ठिकानों पर एकसाथ छापे मारे गए, जहां से करीब 2.1 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। सूत्रों के अनुसार, जब टीम उनके घर पहुंची तो उन्होंने घबराकर नोटों के बंडल घर के बाहर फेंकने की कोशिश की।

एक ही शहर में दो बड़े भ्रष्टाचार कांड से हड़कंप
एक ही दिन में दो बड़े अधिकारियों की भ्रष्टाचार में संलिप्तता सामने आने से भुवनेश्वर में प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले में CBI और सतर्कता विभाग दोनों ही आगे की जांच में जुटे हुए हैं। CBI द्वारा गिरफ्तार किए गए ईडी अधिकारी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, वहीं अभियंता सारंगी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया गया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here