Sports Mahakumbh : गोटेगांव में खेल महाकुंभ : मणिनागेंद्र सिंह की स्मृति में 35 लाख का इनामी टूर्नामेंट, देश भर से जुटेंगे खिलाड़ी

Sports Mahakumbh :  नरसिंहपुर (राहुल पाटकर)। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव स्थित सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में खेल और समाज सेवा का एक ऐतिहासिक समागम होने जा रहा है। स्वर्गीय मणिनागेंद्र सिंह पटेल “मोनू भैया” की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 25 दिसंबर से 2 जनवरी तक भव्य ‘सेवा सप्ताह’ और सांस्कृतिक-खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 35 लाख रुपये की इनामी राशि वाला टूर्नामेंट होगा, जो क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान करेगा।

पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल ने प्रेस वार्ता के दौरान इस वृहद आयोजन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य ‘खेलेगा इंडिया तभी तो जीतेगा इंडिया’ की संकल्पना को साकार करना है। टूर्नामेंट में देशभर से उच्च स्तरीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंचेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुल इनामी राशि और आयोजन का बजट लगभग 50 लाख रुपये तक जाएगा, जिसका मुख्य ध्येय खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है।

हफ्ते भर चलने वाले इस सेवा सप्ताह में केवल खेल ही नहीं, बल्कि समाज सेवा के विभिन्न प्रकल्प भी चलाए जाएंगे। आयोजन के दौरान रक्तदान शिविर, विशाल स्वास्थ्य शिविर और अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। यह आयोजन क्षेत्र के युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और समाज सेवा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

इस महोत्सव का एक भावनात्मक और गौरवशाली क्षण 28 दिसंबर को आएगा, जब नर्मदा तट पर स्वर्गीय मणिनागेंद्र सिंह पटेल की भव्य मूर्ति का अनावरण किया जाएगा। मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके लिए गोटेगांव और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन के सचिव सरदार सिंह पटेल ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का प्रयास है कि इस सेवा सप्ताह के माध्यम से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सहायता पहुंचे और ‘मोनू भैया’ की यादों को सेवा के कार्यों से जीवंत रखा जाए।

सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम को इस मेगा इवेंट के लिए सजाया जा रहा है। गोटेगांव में होने वाला यह महोत्सव न केवल खेल प्रेमियों के लिए बल्कि संपूर्ण जिले के लिए सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा। आयोजन समिति ने सुरक्षा और खिलाड़ियों के रुकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।

Share The News
[youtube_shorts]

Popular News

CG Transfer Breaking : वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा फेरबदल, 21 कर्मचारियों का तबादला

CG Transfer Breaking :रायपुर। राज्य शासन के वाणिज्यिक कर...

Raipur Police Commissioner: IPS डॉ. संजीव शुक्ला ने संभाला पुलिस आयुक्त का पदभार… जानिए क्या कुछ कहा

Raipur Police Commissioner:रायपुर : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के...

Related Articles

Popular Categories