Coal scam : रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाला और अवैध लेवी मामले में मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी के रिश्तेदार नवनीत तिवारी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने बुधवार को नवनीत तिवारी को जमानत प्रदान कर दी। यह फैसला अवैध कोल लेवी सिंडिकेट से जुड़े मामलों में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। नवनीत तिवारी पिछले चार महीने से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद थे।
नवनीत तिवारी पर मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में बंद चर्चित कारोबारी सूर्यकांत तिवारी के रिश्तेदार और करीबी होने के कारण गंभीर आरोप थे। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की जांच में नवनीत को अवैध कोल लेवी सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य बताया गया था। जांच एजेंसियों ने दावा किया था कि वह इस सिंडिकेट के लिए काम करता था।
Coal scam : जांच एजेंसियों के अनुसार, नवनीत तिवारी रायगढ़ जिले में कोल व्यवसायियों और ट्रांसपोर्टरों से करोड़ों रुपये की अवैध वसूली करता था और यह मोटी रकम नियमित रूप से मास्टरमाइंड सूर्यकांत तिवारी तक रायपुर पहुंचाई जाती थी। इसके अतिरिक्त, एजेंसियों ने यह भी आरोप लगाया था कि नवनीत ने सूर्यकांत तिवारी की बेनामी संपत्तियों के प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
नवनीत तिवारी को ईडी ने इस हाई-प्रोफाइल केस में 2022 में आरोपी बनाया था। आरोपी बनाए जाने के बाद वह लगातार फरार चल रहा था, और गिरफ्तारी का सिलसिला तेज होने पर वह अन्य आरोपियों के साथ भूमिगत हो गया था। ईडी ने उसकी तलाश में कई छापेमारियां कीं और गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। अंततः जुलाई 2025 में EOW ने उसे गिरफ्तार किया था।
Coal scam : नवनीत तिवारी को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलना मामले के अन्य आरोपियों के लिए एक नज़ीर बन सकता है। हालांकि, जांच एजेंसियां अब जमानत के इस आदेश का अध्ययन कर रही हैं। यह घटनाक्रम छत्तीसगढ़ में चल रहे अवैध कोल लेवी सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के मामलों में आगे की कानूनी लड़ाई को प्रभावित कर सकता है।











