मुर्शिदाबाद : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी जैसी मस्जिद के शिलान्यास को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। 6 दिसंबर को TMC से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने कड़ी सुरक्षा में मस्जिद की नींव रखी थी। अब उस कार्यक्रम में एकत्रित चंदे का वीडियो भी सामने आया है, जिसे कबीर ने स्वयं सोशल मीडिया पर साझा किया।
वीडियो में कई लोग नोट गिनते दिख रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस समारोह में करीब 11 पेटियां चंदे की भरीं, जिन्हें गिनने के लिए 30 लोगों और नोट गिनने की मशीन की जरूरत पड़ी।
शिलान्यास के बाद कबीर का नया बयान
निलंबन के बाद भी कबीर अपने फैसले पर अड़े हैं। उन्होंने रविवार को घोषणा की कि फरवरी में 1 लाख लोगों से सामूहिक कुरान पाठ कराया जाएगा और उसके बाद ही मस्जिद का निर्माण आगे बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही मुसलमानों के लिए समर्पित नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगे, जो बंगाल में 135 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बातचीत के दौरान उन्होंने AIMIM के साथ संभावित गठबंधन की भी पुष्टि की।
TMC का पल्ला झाड़ना, BJP का विरोध—और विवाद की शुरुआत
28 नवंबर – पोस्टर लगे, विवाद शुरू
बेलडांगा में जगह-जगह शिलान्यास समारोह के पोस्टर लगाए गए। BJP ने इसका कड़ा विरोध किया, जबकि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने समर्थन दिया।
3 दिसंबर – TMC ने घोषित किया: “यह पार्टी का कार्यक्रम नहीं”
TMC ने साफ किया कि मस्जिद शिलान्यास से पार्टी का कोई संबंध नहीं। पार्टी नेताओं का दावा था कि कबीर यह सब आगामी चुनाव में टिकट पाने के प्रयास में कर रहे हैं।
4 दिसंबर – कार्रवाई तेज, कबीर सस्पेंड
TMC ने कबीर को निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा कि वे अपने बयान और फैसले पर कायम हैं और 22 दिसंबर को नई पार्टी की घोषणा करेंगे।
पूरा विवाद एक साल पुराना
जानकारी दें कि, साल 2024 में भी कबीर ने अयोध्या की बाबरी मस्जिद जैसी प्रतिकृति बनाने का ऐलान किया था। तब BJP ने मुर्शिदाबाद में राम मंदिर बनाने की बात कही, जिससे विवाद और गहराया।











