harassment of moneylenders : राजनांदगांव। सूदखोरों के दबाव से तंग आकर आत्महत्या करने वाले धान कोचिया रामखिलावन साहू के परिजनों से मिलने युवा नेता निखिल द्विवेदी सम्बलपुर स्थित उनके निवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत किसान को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को हर संभव सहयोग व न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
निखिल द्विवेदी ने बताया कि परिजनों के अनुसार रामखिलावन लंबे समय से आर के ज्वेलर्स और उमेश पालीवाल नामक व्यापारियों से ब्याज पर लिए गए पैसों के कारण गंभीर दबाव में थे। परिवार ने धान बेचकर ब्याज सहित मूलधन लौटाने की बात भी स्पष्ट की थी। मृतक के भाई सोम साहू ने कहा कि परिवार पैसे लौटाने के लिए तैयार था, लेकिन व्यापारियों ने अत्यधिक दबाव बनाया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने मृतक की जमीन की ऋण पुस्तिका छीन ली और उसमें से 50,000 रुपये निकाल लिए।
ग्राम सरपंच उमाकांत चंद्राकर ने मामले को गंभीर बताया और कहा कि ऐसे सूदखोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई किसान कर्ज के बोझ से आत्महत्या न करे। मृतक की पत्नी निरूपा बाई साहू ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक डायरी, 17,000 रुपये और सुसाइड नोट बरामद किया। प्रारंभ में पुलिस ने सुसाइड नोट में दर्ज नामों को मर्ग में शामिल करने से मना किया, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों के विरोध के बाद उन नामों को भी मामले में जोड़ा गया।
राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी ने तत्काल एएसपी राहुल देव शर्मा और टीआई गोस्वामी से फोन पर चर्चा की और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि यदि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती है, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन उपस्थित थे, जिनमें हुमन लाल साहू, नेम बती साहू, आमीन बाई, ग्राम प्रमुख भैयाराम साहू, पंच ढाकेश्वर साहू, तरुण साहू, तारण साहू, भूपेंद्र कुमार, राजेश साहू, साकेत साहू, उमाकांत साहू, अजय साहू, पूर्व पार्षद शरद पटेल, किसान नेता डोमार साहू, आजाद सिंह, मोहित कोचरे प्रमुख रूप से शामिल थे।











