Rewa News : रीवा। रीवा की सिटी कोतवाली पुलिस ने जमीन की बिक्री में बड़ी धोखाधड़ी करने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शहर के जाने-माने इंदौर सेव भंडार का संचालक, उसकी पत्नी और बेटा शामिल हैं। इन पर एक ही संपत्ति को दो अलग-अलग व्यक्तियों को बेचकर लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप है।
Rewa News : नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) राजीव पाठक ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला 18 सितंबर 2025 को सामने आया था। रानी तालाब निवासी आवेदक बंशीधर बाधवानी और गंगा खुबानी ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।
READ MORE : Andhra Pradesh Bus Accident : रूह कंपा देने वाला हादसा, बस बनी आग का गोला, 20 यात्री जिंदा जले…
ऐसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम:
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि आरोपी राजकुमारी बाधवानी (निवासी पाण्डेय टोला), उसके पति सुरेश बाधवानी, और बेटे अमन बाधवानी ने मिलकर साजिश रची। इन तीनों ने एक ही मकान और उससे लगी जमीन को दो अलग-अलग व्यक्तियों को बेच दिया और दो बार रजिस्ट्री भी करा ली।
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने राजस्व और रजिस्ट्री कार्यालय से दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच में यह सिद्ध हुआ कि तीनों आरोपियों ने षड्यंत्र रचकर दोनों व्यक्तियों से करीब ₹60 लाख रुपए की बड़ी राशि लेकर धोखाधड़ी की है।
पुलिस ने तीनों को भेजा जेल:
मामले में अपराध सिद्ध होने के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और तीनों आरोपियों – राजकुमारी बाधवानी, सुरेश बाधवानी और अमन बाधवानी को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस बड़ी धोखाधड़ी को उजागर कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की है।











