छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा थाना क्षेत्र के छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर बाईपास पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक पर सवार बुजुर्ग दंपत्ति को रौंद दिया। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक दंपत्ति ग्राम बिजोरी से अपने घर अमरवाड़ा लौट रहे थे। तभी पेट्रोल पंप के समीप ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान अमरवाड़ा के रहने वाले भाग लाल मेहलवंशी और उनकी पत्नी सकूनबाई मेहलवंशी के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को पीएम के लिए स्थानीय अस्पताल भेज दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रक को थाने में खड़ा किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से हादसे के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।











