रायपुर। राजधानी रायपुर के नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज शहर के तीन प्रमुख स्थलों पर तीन नए ओवरपास का शिलान्यास किया। इन पुलों के निर्माण पर कुल 117 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। इसके साथ ही ठक्कर बापा वार्ड में 19.60 करोड़ रुपये की पानी टंकी और दानवीर भामाशाह वार्ड, शुक्रवारी बाजार में 3.37 करोड़ रुपये की लागत से नए शाला भवन का भी भूमिपूजन किया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि इन ओवरपास का निर्माण राजधानी में बढ़ती जनसंख्या और यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “इन पुलों के बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि नागरिकों को समय की बचत और रोजमर्रा की यात्रा में सुविधा भी मिलेगी। यह क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांगों में से एक थी और आज हम इसे पूरा करने में सफल हुए हैं।
रायपुर को मिली बड़ी सौगात
ओवरपास का महत्व और शहर में सुधार
रिंग रोड क्रमांक-2 पर बनने वाले इन ओवरपास से शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात सुगम और सुरक्षित होगा। अरुण साव ने यह भी बताया कि पिछले चार महीनों में रायपुर नगर निगम को 400 करोड़ रुपये से अधिक की राशि विकास कार्यों के लिए दी गई है। प्रदेश में पिछले 20 महीनों में 700 से अधिक टेंडर जारी किए जा चुके हैं और इस वर्ष सड़कों के कायाकल्प पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
READ MORE : “IND-PAK” : सौरभ भारद्वाज का बीसीसीआई पर हमला : ‘IND-PAK मैच से कमाई 650 करोड़, शहीदों की विधवाओं को दी जाए’
उप मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा संकल्प है – सबका विकास, सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास। हम इसे साकार करने में लगातार काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ का यह रजत जयंती वर्ष है और हम इसे विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में मील का पत्थर बनाएंगे।”
राष्ट्रीय विकास और प्रधानमंत्री की सोच
अरुण साव ने GST सुधारों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री लगातार एक सुसंगठित कार्ययोजना के तहत भारत को विकसित बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
अंत में उप मुख्यमंत्री ने राजधानीवासियों को नवरात्रि और दशहरा की शुभकामनाएं दी और कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ विकास करना नहीं बल्कि हर नागरिक की रोजमर्रा की जिंदगी में सुधार लाना है।









